राष्ट्रीय
19-Apr-2026
...


आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अस्पताल में भर्ती, नेताओं ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना अमरावती,(ईएमएस)। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया। इस घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चिंता जताई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनसे फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सूत्रों के अनुसार, शनिवार को एक बैठक के दौरान पवन कल्याण की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद ऑपरेशन की आवश्यकता बताई। ऑपरेशन सफल रहा और डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल आराम की सलाह दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पवन कल्याण से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी पोस्ट करते हुए लिखा कि पवन कल्याण बेहद साहसी हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि वे जल्द स्वस्थ होकर लौटेंगे। उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना भी की। इस बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी पवन कल्याण के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि वे सर्जरी के बाद जल्द स्वस्थ होकर अपने कार्यों पर लौटें। वहीं राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने भी उनके स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की और शुभकामनाएं दीं। पवन कल्याण के राजनीतिक सचिव पी. हरिप्रसाद के अनुसार, वे पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। शुक्रवार को प्रशासनिक बैठक के दौरान उन्हें तेज दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए और अस्पताल पहुंचे। जांच में एमआरआई सहित कई परीक्षणों के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। डॉक्टरों का कहना है कि पवन कल्याण को अब लगभग 7 से 10 दिन तक आराम करना होगा, जिसके बाद वे धीरे-धीरे अपने आधिकारिक कार्यों को फिर से शुरू कर सकते हैं। हालांकि पूरी तरह से स्वस्थ होने में अभी समय लग सकता है। हिदायत/ईएमएस 19अप्रैल26