-रूटीन चेकिंग में मिला प्रतिबंधित डिवाइस, पूछताछ के बाद किए गए पुलिस के हवाले श्रीनगर,(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने दो अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान उनके पास से सैटेलाइट फोन मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। एयरपोर्ट सिक्योरिटी ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जब इन यात्रियों के सामान की स्कैनिंग की गई, तब एक बैग में सैटेलाइट फोन पाया गया। संबंधित व्यक्ति की पहचान जेफरी स्कॉट के रूप में हुई है, जो अमेरिका के मोंटाना राज्य का निवासी बताया जा रहा है। बरामद किया गया सैटेलाइट फोन गार्मिन कंपनी का बताया जा रहा है, जो नेविगेशन और कम्युनिकेशन डिवाइस बनाने के लिए जानी जाती है। सुरक्षा नियमों के तहत भारत में बिना अनुमति सैटेलाइट फोन रखना प्रतिबंधित है, जिसके चलते अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना के बाद दोनों विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की गई और बाद में स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि सैटेलाइट फोन किस उद्देश्य से साथ लाया गया था और क्या इसमें किसी तरह की सुरक्षा से जुड़ी चिंता है। अधिकारियों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है, जब विदेशी नागरिक सैटेलाइट फोन के साथ पकड़े गए हों। कई बार पर्यटक अनजाने में भी ऐसे उपकरण अपने साथ ले आते हैं, बिना यह जाने कि भारत में इनके उपयोग के लिए विशेष अनुमति आवश्यक होती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिदायत/ईएमएस 19अप्रैल26