-प्रधानमंत्री ने अचानक अपना काफिला रोका और स्थानीय लोगों से की मुलाकात कोलकाता,(ईएमएस)। झाड़ग्राम में चुनावी रैली करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक अलग अंदाज ही देखने को मिला। दरअसल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के सिलसिले में झाड़ग्राम पहुंचे पीएम मोदी ने रैली के बाद अचानक अपना काफिला रुकवाकर सड़क किनारे एक झालमुड़ी की दुकान पर पहुंचकर सबको चौंका दिया। रैली को संबोधित करने के बाद जब प्रधानमंत्री चॉपर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने एक स्थानीय झालमुड़ी विक्रेता की दुकान देखी और उन्होंने वहीं काफिला रुकवा दिया। उनके रुकते ही वहां आस-पास के लोग जुटने लगे और तभी भीड़ में से “जय श्री राम” तथा “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” के नारे भी लगने लगे। पीएम मोदी दुकान पर पहुंचे और विक्रेता से झालमुड़ी बनाने को कहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दुकानदार विक्रम साह, जो मूल रूप से बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं और पिछले 12 वर्षों से वहां दुकान चला रहे हैं, ने बताया कि उन्हें पीएम के आने की कोई पूर्व सूचना नहीं थी। उन्होंने पारंपरिक तरीके से मिर्च, मसाला और अचार मिलाकर झालमुड़ी तैयार की, जिसका स्वाद चखकर प्रधानमंत्री ने उसकी सराहना की। इस दौरान पीएम मोदी ने वहां मौजूद बच्चों को भी झालमुड़ी खिलाई और खुद भी इस लोकप्रिय बंगाली व्यंजन का आनंद लिया। उन्होंने स्थानीय महिलाओं से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना, जिससे वहां मौजूद लोग काफी उत्साहित नजर आए। पीएम मोदी के इस सहज और अनौपचारिक अंदाज वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हिदायत/ईएमएस 19अप्रैल26