राष्ट्रीय
19-Apr-2026
...


गुरुग्राम,(ईएमएस)। नकली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग कंट्रोल विभाग ने गुरुग्राम में डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाले मौनजारो इंजेक्शन की करीब 70 लाख रुपये की खेप जब्त की है। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान के अनुसार, विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में बड़ी मात्रा में नकली मौनजारो इंजेक्शन की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत छापेमारी की और संदिग्ध स्टॉक को बरामद कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह पूरा जखीरा नकली होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मौनजारो इंजेक्शन मूल रूप से डायबिटीज के मरीजों के इलाज के लिए उपयोग किया जाता है, लेकिन हाल के समय में इसका इस्तेमाल वजन घटाने के लिए भी बढ़ गया है। इसी बढ़ती मांग का फायदा उठाकर नकली दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं। फिलहाल विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली इंजेक्शन कहां से लाए गए और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई चेन की पूरी कड़ी को खंगाला जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ड्रग कंट्रोल विभाग ने जब्त किए गए इंजेक्शन के सैंपल लैब में जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित सप्लायर और खरीददारों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। हिदायत/ईएमएस 19अप्रैल26