- टायर में दबने से सो रही 7 साल की मासूम बच्ची की मौत - माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के छोला मंदिर इलाके थाना इलाके में शनिवार-रविवार की दरमयानी रात करीब 2-3 बजे के बीच उस समय कोहराम मच गया जब एक बेकाबू एलपीजी टैंकर दीवार तोड़ते हुए सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। बताया गया है की टैंकर काफी तेज स्पीड में था, अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, और बेकाबू टैंकर सीधे बस्ती में जा घुसा। दर्दनाक हादसे में घर में सो रही 7 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम बच्ची काफी देर तक टैंकर के पहिये के नीचे दबी रही, बाद में पुलिस ने उसके शव को बाहर निकाला। जबकि उसके माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने घायलों को इलाज के लिये भानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराते हुए टैंकर को जप्त कर लिया है, जबकि हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से भाग गया। टैंकर की चपेट में आने से पास के दो अन्य मकान भी क्षतिग्रस्त हुए है। पुलिस के मुताबिक, हादस के समय मोहल्ले के अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। अचानक तेज धमाके और चीख-पुकार से इलाके में दहशत फैल गई। - रात के अंधेरे में मौत बनकर घुसा टैंकर जानकारी के मुताबिक घटना करोंद भानपुर रोड बापू मालदेव चौराहे कुछ दुरी पहले स्थित झुग्गियों की है। यहॉ शनिवार रविवार दरमियानी रात करोंद की ओर से आ रहा तेज रफ्तार इंडेन एलपीजी केमिकल का बड़ा टैंकर नंबर सीजी 07 सीएस 3742 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक झुग्गी में जा घुसा। टैंकर घुसते ही सड़क किनारे सो रहे लोगो मे चीख पुकार मच गई। हादसे में अपने घर में गहरी नींद में सो रही मासूम खुशी गैहार पिता मोनू गैहार (7) की टैंकर के पहिये के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गयी। वही मासूम बच्ची के पिता मोनू गैहार, माँ मनीषा गैहार भाई आरुष गैहार (5) और तूटे को हाथ पैर में गंभीर चोटें आई है। दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही थाना छोला मंदिर और निशातपुरा पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को इलाज के लिये अस्पताल पहुचांया। वहीं मासूम के शव को पीएम के लिये रवाना किया गया। मृतिका के पिता रमेश गेहर की शिकायत पर पुलिस ने मामला कायम किया है। - सड़क किनारे खिलौन बेचता है परिवार मृतिका मासूम बच्ची का परिवार मूलतः ग्राम मिसरिखगंज थाना मिस रिख गंज जिला सीतापुर यूपी का रहने वाला है। वह और उनके अन्य परिवार करोंद भानपुर रोड स्थित बापू मालदेव चौराहा के पास ही झुग्गियां बनाकर रहते हुए सड़क किनारे खेल-खिलौने व सॉफ्ट टॉयज बेचते हैं। - घंटो तक मची रही अफरा-तफरी मौके पर मौजूद लोगो के मुताबिक, हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरु की। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुचें और घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। मामला दर्ज कर पुलिस मौके से फरार चालक की तलाश कर रही है। जुनेद / 19 अप्रैल