राष्ट्रीय
19-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र सरकार को महिला विरोधी कहा और दावा किया कि कांग्रेस वर्तमान लोकसभा सीटों की संख्या के हिसाब से महिलाओं को एक तिहाई सीट आरक्षित करने के समर्थन में है, लेकिन सरकार इसके खिलाफ है और अलोकतांत्रिक तरीके से परिसीमन थोपना चाहती है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, 29 मिनट में 58 बार कांग्रेस का नाम लेने वाले पीएम मोदी का यह डर मुझे अच्छा लगा। वे जब-जब विभाजन करेंगे, कांग्रेस उन्हें रोकेगी। पीएम मोदी महिला आरक्षण पर रोड़ा क्यों बन रहे हैं और आरक्षण को क्यों रोक रहे हैं? लोकसभा की 543 सीटों में तुरंत 181 सीटों को महिलाओं के लिए रिजर्व करें। कांग्रेस पूरा समर्थन करने के लिए तैयार है। वे महिला आरक्षण पर बात को गोल-गोल क्यों घुमा रहे हैं? उन्होंने कहा, सरकार खुद महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहती, ऐसा इसलिए क्योंकि वह पुरुषों की सीट कम करके महिलाओं को नहीं देना चाहते। अगर ऐसा करना चाहते तो उन्होंने ऐसा कर दिया होता। 2014 और 2019 में प्रचंड बहुमत था, 2023 में महिला आरक्षण बिल लेकर आए, लेकिन उसमें कंडीशन लगा दी। हमने कहा कि आप कंडीशन मत लगाए। सरकार की मंशा महिला आरक्षण लाने की ही नहीं है। सरकार का मंसूबा था कि अलोकतांत्रिक तरीके से किसी तरह से इस देश पर परिसीमन थोपा जाए, जिसे हमने होने नहीं दिया। सुबोध/१९ -०४-२०२६