रायपुर (ईएमएस)। बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, परिसीमन और नक्सलवाद जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस और टीएमसी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने लोकसभा में “षड्यंत्रपूर्वक” इस महत्वपूर्ण विधेयक को प्रभावित किया। चंद्राकर ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने से देशभर की मातृशक्ति में आक्रोश है। उनका दावा है कि कांग्रेस और टीएमसी ने मिलकर इस बिल को रोकने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी अब जनजागरण अभियान चलाएगी और इसे गांव-गांव तक पहुंचाएगी। परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जनसंख्या संतुलन बनाए रखने के लिए यह आवश्यक प्रक्रिया है, लेकिन विपक्ष इस पर भी राजनीति कर रहा है। नक्सलवाद को लेकर चंद्राकर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 देश के लिए ऐतिहासिक दिन साबित होगा। उन्होंने अमित शाह के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में केंद्र सरकार तेजी से काम कर रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ समेत देश में नक्सलवाद की जड़ें कांग्रेस शासनकाल की नीतियों से जुड़ी रही हैं। उनके अनुसार, “शोषण आधारित विकास मॉडल” के कारण स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ा, जिससे नक्सलवाद को बढ़ावा मिला। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026