कोरबा (ईएमएस) मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के संस्थापक सदस्य एवं शिव औषधालय के संस्थापक स्वर्गीय परम पूज्य पंडित विद्याधर शर्मा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, शिव औषधालय, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में वृहद नि:शुल्क अस्थि खनिज, घनत्व जांच, नेत्र जांच तथा आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर लखन लाल देवांगन कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य आतिथ्य, श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत महापौर नगर पालिक निगम कोरबा की अध्यक्षता एवं नरेंद्र देवांगन पार्षद कोहड़िया के विशिष्ट आतिथ्य में पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय दुकान क्रमांक 10,11 महानदी काम्प्लेक्स निहारिका रोड कोरबा में आयोजित किया गया। शिविर में आँख, नाक, कान, गला, दंतरोग, चर्मरोग, गुदरोग, शिशुरोग, स्त्रीरोग, वातरोग, श्वास रोग, चर्म रोग,आदि सभी प्रकार के सामान्य कष्टसाध्य, असाध्य रोगों से पीड़ित स्त्री, पुरुष एवं बच्चों सहित 252 रोगियों का नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श एवं उपचार आयुर्वेद के सभी विभागों के अनुभवी चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा किया गया। शिविर के बारे मे जानकारी देते हुये शिविर के आयोजक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने शिविरार्थीयों से कहा की हमें स्वस्थ रहने के लिये आयुर्वेद में वर्णित नियमों का पालन करना चाहिये। आयुर्वेद जीवनशैली को अपनाकर ही जीवन में आनंद को प्राप्त किया जा सकता है। हम सभी को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को अपने रोगोपचार हेतु पहली प्राथमिकता देनी चाहिये, क्योंकि आयुर्वेद ही बताता है की क्या हमारे लिये हितकर है क्या अहितकार। शिविर की अध्यक्षता कर कर रही संजू देवी राजपूत ने अच्छे स्वास्थ्य को सच्चा धन बताते हुये सभी को अच्छे स्वास्थ्य हेतु आयुर्वेद जीवन शैली अपनाने को कहा। मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने शिविर को जनोपयोगी बताते हुये कहा की वास्तव मे नर सेवा ही नारायण सेवा है। शिव औषधालय परिवार द्वारा जो यह सेवा कार्य किया जा रहा है वो सचमुच प्रशंसनीय एवं अनुकरणीय है। इसके लिये उन्होंने शिव औषधालय परिवार, डॉ. नागेंद्र शर्मा और उनकी पूरी टीम को साधुवाद दिया। 21 अप्रैल / मित्तल