21-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के कारण दिल्ली से देहरादून का सफर मात्र 2.5 घंटे का रह गया है, लेकिन शहर के भीतर भारी ट्रैफिक जाम के चलते पर्यटकों को अतिरिक्त 2 घंटे बर्बाद करने पड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो प्रशासन की ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। शहर में बायपास की मांग तेज हो गई है। अगर आप दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की रफ्तार देख कर उत्तराखंड की वादियों का रुख करने की सोच रहे हैं, तो जरा ठहरिए। दिल्ली से देहरादून की दूरी भले ही अब सिमट कर महज 2.5 घंटे रह गई है, लेकिन असली चुनौती एक्सप्रेसवे खत्म होने के बाद शुरू हो रही है। देहरादून शहर की सीमा में कदम रखते ही एक्सप्रेसवे की रफ्तार पर जाम का ऐसा ब्रेक लग रहा है कि ढाई घंटे का सफर साढ़े चार घंटे में तब्दील हो रहा है। देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था की पोल अब सोशल मीडिया पर खुल रही है। इंस्टाग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लोग जाम के वीडियो शेयर कर शासन-प्रशासन को आड़े हाथों ले रहे हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “सरकार का शुक्रिया कि हमें ढाई घंटे में दिल्ली से देहरादून पहुंचा दिया, लेकिन कोई ये बताए कि शहर के अंदर के 2 घंटे के जाम का क्या करें?” वहीं, कुछ यूजर्स ने सुझाव दिया है कि अगर मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए देहरादून शहर को पूरी तरह बायपास करने वाला कोई कॉरिडोर नहीं बनाया गया, तो आने वाले समय में देहरादून एक ‘ओपन पार्किंग लॉट’ बनकर रह जाएगा। करीब 210 किलोमीटर लंबा यह 6-लेन एक्सप्रेसवे इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना है। बागपत, शामली और सहारनपुर से होकर गुजरने वाला यह हाईवे वन्यजीवों के संरक्षण के लिए भी जाना जा रहा है। राजाजी नेशनल पार्क के पास बना 14 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर और 340 मीटर लंबी सुरंग पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/ अप्रैल /2026