राज्य
21-Apr-2026


हरदोई (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद उनकी तीन माह की मासूम बच्ची अपने माता-पिता के शवों के पास रोती मिली, जिसे देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार सेढामऊ अंडरपास के निकट सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त बाइक, दंपति के शव तथा पास में रो रही बच्ची को देखा। सूचना मिलने पर पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान सियाराम (22) पुत्र सुभाष तथा उनकी पत्नी नीलम (20) निवासी ग्राम गहवरा, थाना पाली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि दंपती किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मासूम बच्ची सुरक्षित मिली, जिसे परिजनों को सौंप दिया गया है। जितेन्द्र 21 अप्रैल 2026