इन्दौर (ईएमएस) मांगलिया स्थित तेल डिपो के ठीक सामने लगी भीषण आग से क्षेत्र में हड़कंप के साथ अफरातफरी मच गई। सूचना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। आग की तीव्रता और डिपो की संवेदनशीलता को देखते हुए आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को बाहर निकाल सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके। प्राप्त जानकारी अनुसार मांगलिया स्थित तेल डिपो के ठीक सामने सात्विक विहार के पास आज भीषण आगजनी की घटना हुई और आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही हैं और इसने आसपास की दुकानों और घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। जिसके बाद मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन ने तेल से भरे उन टैंकरों को भी डिपो के बाहर ही रोक दिया है, जो अंदर जाने या बाहर निकलने वाले थे। टैंकरों की लंबी कतार लगने और आग के फैलाव को देखते हुए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है क्योंकि मांगलिया डिपो में हजारों लीटर पेट्रोल और डीजल का भंडारण है, जिसके कारण प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें बेहद सतर्कता बरत रही हैं। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। सुरक्षा की दृष्टि से डिपो के आसपास के सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है। आनंद पुरोहित/ 21 अप्रैल 2026