सेंसेक्स 753, निफ्टी 211 अंक ऊपर आया मुंबई (ईएमएस) । घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को तेजी के साथ बंद हुआ। बाजार में ये बढ़त दुनिया भर से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी होने से आई है। अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के संकेतों से भी बाजार में सकारात्मक माहौल रहा। आज दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 753.03 अंक बढ़कर 79,273.33 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 211.75 अंक ऊपर आकर 24,576.60 पर कारोबार करता दिखा। सेंसेक्स आज करीब 750 अंकों की बढ़त के साथ 79,367.08 के शीर्ष स्तर जबकि निफ्टी 227 अंकों की तेजी के साथ ही 24,601.70 के उच्च स्तर पर पहुंचा। आज बैंक निफ्टी इंडेक्स में बढ़त रही। वहीं इसके अलावा व्यापक बाजारों में निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स और तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में भी तेजी रही। निफ्टी रियल्टी , निफ्टी प्राइवेट बैंक के अलावा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी मीडिया में भी बढ़त रही। निफ्टी आईटी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी मेटल में भी उछला आया पर निफ्टी फार्मा में गिरावट रही। निफ्टी 50 पैक में नेस्ले इंडिया, एचयूएल, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, टाटा कंज्यूमर, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, एक्सिस बैंक, अदाणी पोर्ट्स, विप्रो और टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी आई जबकि एसबीआई लाइफ, बीईएल, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, डॉ. रेड्डीज़ लैबोरेटरीज, टाइटन, रिलायंस और एनटीपीसी के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। इससे पहले आज सुबह बाजार की मजबूती के साथ शुरुआत हुई। बीएसई सेंसेक्स 78,617.16 अंक पर खुला जो इसके सोमवार के बंद स्तर 78,520.30 से अधिक था। वहीं निफ्टी भी 24,374 अंक पर मजबूती के साथ खुला। वहीं एशियाई बाजारों की बात करें ज्यादातर बाजार सुबह बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जिसमें कोस्पी सबसे आगे रहा। । जापान का निक्केई 225 और हांगकांग का हैंग सेंग क्रमशः 1.11 फीसदी और 0.23 फीसदी की बढ़त पर कारोबार कर रहे थे। वहींऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी एएसएक्स 200 इंडेक्स 0.14 फीसदी गिरावट में रहा। ईएमएस 21 अप्रैल 2026