अंतर्राष्ट्रीय
21-Apr-2026


कराची,(ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच अहम अपडेट सामने आया है। पाकिस्तानी सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच बातचीत का दूसरा दौर बुधवार को शुरू हो सकता है। एक रिपोर्ट में बताया गया हैं कि बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है और अगला राउंड तय समय पर होने की उम्मीद है। उनके अनुसार चीजें आगे बढ़ रही हैं और बातचीत कल के लिए ट्रैक पर है। सूत्र ने संकेत दिया कि अगर इस बातचीत के दौरान कोई समझौता होता है, तब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इसमें शामिल हो सकते हैं। यह शामिल होना सीधे तौर पर या वर्चुअल माध्यम से हो सकता है। इस बैठक को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पहले दौर की बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया था। इसके बाद अब सबकी नजरें दूसरे दौर पर टिकी हैं कि क्या दोनों देशों के बीच किसी समझौते की दिशा में प्रगति हो पाती है या नहीं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी हालात गंभीर बने हुए हैं। हाल ही में अमेरिका ने एक ईरानी जहाज को जब्त किया। इस कार्रवाई को ईरान ने आक्रामक कदम बताया है। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच रिश्ते और ज्यादा खराब हुए हैं। यह घटना इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बहुत महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है। इस बीच ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका की तरफ से नाकाबंदी जारी रहती है, तब वह इस रास्ते को बंद कर सकता है। आशीष दुबे / 21 अप्रैल 2026