:: ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट में मप्र के खिलाड़ियों का दबदबा; प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दीविना ने दर्ज की शानदार जीत :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में इंदौर टेनिस क्लब पर आयोजित क्वींस कॉलेज ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट में मंगलवार को मेजबान प्रदेश के खिलाड़ियों ने कोर्ट पर अपना वर्चस्व सिद्ध किया। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में मध्यप्रदेश के अर्जुन बिंद्रा, समन्यु शुक्ल, दीविना धूपर और साएशा दशोरा ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को परास्त कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। बालक 12 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबलों में अर्जुन बिंद्रा ने अयान संवत्सर को सीधे सेटों में 6-0, 6-1 से हराकर आसान जीत दर्ज की। वहीं अद्वैत भार्गव ने विवान त्रिवेदी को 6-0, 6-0 के अंतर से धोते हुए क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का किया। समन्यु शुक्ल को जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा; उन्होंने ह्रदयान डागा को तीन सेटों के मुकाबले में 6-3, 4-6, 6-2 से शिकस्त दी। अन्य मैचों में रेयांश पटेल ने आरव जैन को 6-1, 6-0 से और ओजस मिश्रा ने आद्यंत गुप्ता को 6-1, 6-0 से हराया। महाराष्ट्र के विहान देवधरे ने मानवीर सिंह होरा को 7-5, 6-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। बालिका 12 वर्ष आयु वर्ग में दीविना धूपर ने असाधारण खेल दिखाते हुए महाराष्ट्र की आर्या कसबे को 6-0, 6-0 से मात दी। साएशा दशोरा ने जीविका सिंह ठाकुर के खिलाफ 7-6(5), 6-3 से चुनौतीपूर्ण जीत हासिल की। लावण्या शर्मा ने रीत सोनी को 7-5, 6-3 से और इरा सिंह ने अस्मारा हुसैन को 6-1, 6-2 से पराजित किया। गुजरात की आरना खत्री ने मायरा सिंह कुशवाह को 6-0, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अयाना पटवारी और प्रिशा शर्मा ने भी अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर का सफर तय किया। प्रकाश/21 अप्रैल 2026