:: अभय प्रशाल में जिला रैंकिंग स्पर्धा का रोमांच शुरू, भाव्यांशी और अनुष्का ने भी जीते मुकाबले :: इंदौर (ईएमएस)। अभय प्रशाल के वुडन कोर्ट पर मंगलवार से नन्हे पैडलर्स की चपलता और सधे हुए शॉट्स का रोमांच शुरू हो गया। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन द्वारा आयोजित सत्र की प्रथम रैंकिंग स्पर्धा के शुरुआती दिन पी. निर्वाण, कियान इंगले और यदुवीर सिंह ने टेबल पर अपनी धाक जमाते हुए प्रतिद्वंद्वियों को एकतरफा अंदाज में शिकस्त दी। बालक और बालिका अंडर-11 वर्ग के मुकाबलों में जहाँ शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने तकनीकी श्रेष्ठता दिखाई, वहीं अंडर-13 वर्ग में कड़े संघर्ष के बीच जीत-हार का फैसला हुआ। अंडर-11 आयु वर्ग में पी. निर्वाण ने नव्य हुंडिया को सीधे सेटों में 3-0 से हराकर अपने अभियान का सफल आगाज किया। कियान इंगले ने कियान सलूजा को और यदुवीर सिंह ने पलवीत गोयल को 3-0 से पराजित कर अपनी लय जाहिर की। अन्य मुकाबलों में शुभम अग्रवाल ने आर्यन जैन को 3-0 से और रेयांश बड़ज्ञान ने प्रणव खेमकर को 3-0 से मात दी। दिन का सबसे संघर्षपूर्ण मैच रेयांश कुशवाहा और वेदांत चौहान के बीच रहा, जिसमें रेयांश ने धैर्य बरकरार रखते हुए 3-2 से जीत हासिल की। अंडर-13 वर्ग में पुण्यांश जैन और श्रेयांश जैन ने भी अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, बालिका अंडर-11 वर्ग में भाव्यांशी सोनी ने आरोही मोदी के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की। अनुष्का हजारी, अनिका राठौर और अनिंदिता ने अपने मुकाबले 3-0 के अंतर से जीतकर तकनीकी मजबूती का परिचय दिया। सिद्धि दुबे ने विदिता यादव को 3-0 से हराया। अंडर-13 वर्ग में नैवेद्य भारती और धृति मेहता को जीत के लिए पसीना बहाना पड़ा; दोनों ने क्रमशः रितन्या गुप्ता और ईरा बारोद को कड़े मुकाबले में 3-2 से शिकस्त दी। सावी गर्ग ने प्रिशी जैन पर 3-0 से आसान जीत दर्ज की। स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक पंकज उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य और मप्र ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर मप्र टेबल टेनिस संगठन से जयेश आचार्य, प्रमोद सोनी, रिंकू आचार्य, जिला सचिव नीलेश वेद और गौरव पटेल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन प्रशांत व्यास ने किया एवं आभार नवीन सोनी ने माना। प्रकाश/21 मार्च 2026