मुंबई (ईएमएस)। मशहूर फिल्ममेकर एटली और उनकी पत्नी कृष्णा प्रिया के घर पुन: एक नन्ही परी का जन्म हुआ है। इस बेहद खास खुशखबरी को एटली और प्रिया ने सोशल मीडिया पर अनोखे और दिल छू लेने वाले अंदाज में साझा किया। इस खबर के सामने आते ही बधाइयों का तांता लग गया। कपल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्यारा सा पोस्टर साझा किया, जिसमें एक बच्चा खिलौना कार के ऊपर बैठा नजर आ रहा है। इस पोस्टर पर लिखा था, ये हुई ना बात, मुझे एक छोटी बहन मिल गई है! बड़ा भाई मीर। इस पोस्ट के साथ ही फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों और लाखों फैंस ने उन्हें दिल खोलकर बधाइयां दीं और अपनी खुशी व्यक्त की। बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे ने एटली और प्रिया को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कमेंट में लिखा, बहुत बहुत बधाइयां! अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने भी इस मौके पर अपने प्यार और आशीर्वाद की बौछार करते हुए लिखा, माता-पिता, दादा-दादी और सबसे बढ़कर मीर को ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं। इसके अलावा, सामंथा रुथ प्रभु, निशा अग्रवाल और हुमा कुरैशी जैसी हस्तियों ने कमेंट में कांग्रेचुलेशन लिखा, जबकि रश्मिका मंदाना ने दिल वाले इमोजी के जरिए अपनी अपार खुशी जाहिर की। एटली और कृष्णा प्रिया की यह दूसरी संतान है। इससे पहले उनके घर बेटे मीर का जन्म हुआ था और अब बेटी के आने से उनका परिवार पूर्ण और और भी खुशहाल हो गया है। अगर एटली और कृष्णा प्रिया की प्रेम कहानी की बात करें, तो यह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की मुलाकात उस समय हुई थी जब एटली अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे और अपनी पहली निर्देशित फिल्म राजा रानी पर काम कर रहे थे। उसी दौरान कृष्णा प्रिया भी टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में अपने लिए जगह बनाने की कोशिश कर रही थीं। दोनों की पहली मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी और यहीं से उनकी बातचीत और दोस्ती की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरे प्यार में बदल गई। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे के संघर्ष के दौर को करीब से देखा और हर कदम पर एक-दूसरे का साथ दिया। एटली के करियर में राजा रानी की सफलता ने उन्हें एक नई पहचान और दिशा दी। कहा जाता है कि जब कृष्णा प्रिया के परिवार वाले उनकी शादी के लिए लड़का देख रहे थे, तब उन्होंने यह बात एटली को बताई। इसके बाद एटली ने हिम्मत दिखाते हुए उनके परिवार से बात करने का फैसला किया। धीरे-धीरे दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए सहमत हो गए और आखिरकार साल 2014 में एटली और कृष्णा प्रिया ने शादी कर ली। सुदामाईएमएस 22 अप्रैल 2026