मुंबई (ईएमएस)। अपनी आगामी फिल्म कॉकटेल-2 को लेकर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना इन दिनों सुर्खियां बटोर रही हैं। फिल्म में रश्मिका दीया नाम की एक उत्साही लड़की का किरदार निभा रही हैं। एक्ट्रेस के किरदार की झलक हाल ही में रिलीज़ हुए फिल्म के नए गाने जब तलक में देखने को मिली। यह गाना एक मस्ती भरा बीट वाला नंबर है, जिसमें रश्मिका अपने सह-कलाकारों शाहिद कपूर और कृति सेनन के साथ समुद्र किनारे झूमते हुए नजर आ रही हैं। हाल ही में, रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम पर इसी गाने के बिहाइंड द सीन (बीटीएस) वीडियो को पोस्ट किया, जिसमें वह शाहिद और कृति के साथ बेहद मस्ती भरे पल साझा करती दिख रही हैं। इस वीडियो में रश्मिका ने बताया कि गाने की शूटिंग इटली के खूबसूरत सिसिली शहर में हुई थी, जहां सेट पर हर पल हंसी-मजाक और ऊर्जा से भरपूर था। शूटिंग के शॉट्स के बीच में तीनों कलाकार अक्सर अचानक डांस करने लगते थे और छोटी-छोटी बातों पर खुलकर हंसते थे, जिससे सेट का माहौल बेहद खुशनुमा बना रहता था। रश्मिका ने इस अनुभव को अपने लिए बहुत यादगार बताया और अपनी पोस्ट में लिखा, दीया की डायरी का एक पन्ना! हमने जब तलक गाने की शूटिंग इटली के सिसिली में की, और वहां सब कुछ मजेदार था। शॉट्स के बीच में यूं ही डांस करना, हर वक्त मस्ती, छोटी-छोटी बातों पर हंसना और फिर भी पूरे स्टाइल के साथ शूट पूरा कर लेना। अभिनेत्री ने अपने किरदार दीया के बारे में बताते हुए लिखा कि फिल्म में दीया अपनी जिंदगी के सबसे बेहतरीन पल जी रही थी, और जब दर्शक फिल्म देखेंगे, तो उन्हें समझ आएगा कि वहां इतनी मस्ती और उससे भी ज्यादा डांस क्यों था। रश्मिका ने अपने डांस पार्टनर कृति और शाहिद के लिए विशेष रूप से लिखा, एली और कुंजी (फिल्म में उनके किरदारों के नाम) सच में डांस और शरारत के पार्टनर थे। मुझे नहीं लगता कि दीया, कुणाल और एली एक पल के लिए भी सीरियस रहे, तब भी जब उन्हें सीरियस होना चाहिए था। सुदामा/ईएमएस 22 अप्रैल 2026