मनोरंजन
22-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में मां बनने के बाद बढे वजन को लेकर अभिनेत्री पत्रलेखा को ऑनलाइन आलोचना का सामना करना पड़ा है, जिसने अभिनेत्री को अपनी चुप्पी तोड़ने पर मजबूर कर दिया। उनके बढ़ते वजन को लेकर लोग लगातार कमेंट्स कर रहे थे, जिन्हें पत्रलेखा ने करारा जवाब दिया है। पत्रलेखा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक सशक्त पोस्ट साझा किया, जिसमें अभिनेत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने हाल ही में एक बच्चे को जन्म दिया है और यही उनके शरीर में आए बदलाव का सबसे बड़ा और प्राकृतिक कारण है। उन्होंने उन लोगों को निशाने पर लिया जो लगातार उनके बढ़ते हुए वजन पर सवाल उठा रहे थे और उनकी शारीरिक बनावट पर टिप्पणी कर रहे थे। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, मुझे क्या हुआ है, इसका जवाब यही है कि मैंने अभी-अभी एक बच्चे को जन्म दिया है। यह बदलाव पूरी तरह से प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। लोगों को ऐसा लगता है जैसे मैंने जरूरत से ज्यादा खा लिया हो, जबकि सच्चाई यह है कि मैंने इस दौरान एक नई जिंदगी को जन्म दिया है, एक इंसान को बनाया है। पत्रलेखा ने गर्भावस्था के दौरान और उसके बाद शरीर में होने वाले बदलावों को पूरी तरह सामान्य बात बताया, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग बिना समझे तुरंत टिप्पणी कर देते हैं, जिससे महिलाओं पर अनावश्यक दबाव पड़ता है। उन्होंने फिर से दोहराया कि मैंने पहाड़ नहीं खाया है, बल्कि एक बच्चे को जन्म दिया है, और यह मेरे शरीर की स्वाभाविक प्रतिक्रिया है। उन्होंने अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपनी मातृत्व की जिम्मेदारी निभा रही हैं और साथ ही दो फिल्मों के निर्माण का काम भी संभाल रही हैं, जो बिल्कुल भी आसान नहीं है। यह बयान दिखाता है कि वे न केवल एक नई मां की चुनौतियों का सामना कर रही हैं, बल्कि अपने पेशेवर जीवन में भी सक्रिय हैं, और इन सब के बावजूद उन्हें अपने शारीरिक बदलावों के लिए आलोचना झेलनी पड़ रही है। अपने पोस्ट के आखिर में पत्रलेखा ने लोगों से भावनात्मक अपील की और कहा, अगर मेरे हाथ में होता तो मेरा शरीर ऐसा न होता, लेकिन यह पूरी तरह शरीर की स्वाभाविक प्रतिक्रिया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि किसी भी महिला के शरीर पर टिप्पणी करने से पहले उसके हालात और संघर्ष को समझने की कोशिश करें। उन्होंने सहानुभूति की अपील करते हुए कहा, हर किसी को थोड़ा तो दयालु बनना चाहिए और दूसरों की परिस्थितियों को समझना चाहिए। पत्रलेखा और अभिनेता राजकुमार राव ने पिछले साल 15 नवंबर को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था। कपल ने अपनी बेटी का नाम पार्वती पॉल राव रखा है। बता दें कि सोशल मीडिया की दुनिया जितनी तेज और चमकदार दिखती है, उतनी ही तनावपूर्ण और क्रूर भी हो सकती है। खासकर फिल्मी सितारों के लिए यह दबाव और भी बढ़ जाता है, जहां उनके हर शारीरिक बदलाव या व्यक्तिगत पसंद पर यूजर्स के कमेंट्स और आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है। सुदामा/ईएमएस 22 अप्रैल 2026