कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चाम्पा मार्ग अंतर्गत माँ मड़वारानी परिसर में स्थापित और संचालित एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल मड़वारानी के 10वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लायन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा को “लायंस गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनके दीर्घकालीन सेवा कार्यों और समाज के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया गया। समारोह की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री मंदाकिनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल मड़वारानी के चेयरमैन लायन राजकुमार अग्रवाल ने की। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में पार्षद हितानंद अग्रवाल, इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट 3233सी के वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम लायन रिपुदमन पुसरी तथा वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय लायन पवन मलिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंदाकिनी, अध्यक्ष लायन राजकुमार अग्रवाल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने लायन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा को शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर “लायंस गौरव सम्मान” से सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा के माध्यम से उन्होंने समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और जनसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। 22 अप्रैल / मित्तल