नागपुर, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के नागपुर शहर के टेकानाका इलाके में एक बीयर बार के बाहर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस घटना में बदमाशों के एक समूह ने दो युवकों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने दोनों को बेरहमी से पीटा, यहां तक कि फरशी (पत्थर की स्लैब) से भी वार किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अब तक 8 में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बार के अंदर हुई थी। दोनों गुटों के बीच कहासुनी बढ़ने पर होटल मालिक ने उन्हें बाहर निकाल दिया। इसके बाद बाहर आकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने दो युवकों पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। यह घटना कपिल नगर थाना क्षेत्र की है। घायल युवकों की पहचान शेख अखिल शेख जलील और उसके दोस्त के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे हाईवे बार एंड रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। उसी दौरान सिगरेट को लेकर उनका कामगार नगर निवासी मोहम्मद अझहर मोहम्मद अकील और हुसैन अकरम कुरैशी से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और दोनों युवकों पर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें धारा 109, 324, 352, 351 और दंगा भड़काने के आरोप शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहम्मद अझहर मोहम्मद अकील, हुसैन अकरम कुरैशी, प्रिंस उपाध्यक्ष, अश्विन चौधरी, इरफान रमजान खान और फरहान उर्फ गुलाम मुस्तफा खान शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।