क्षेत्रीय
22-Apr-2026
...


बलौदाबाजार (ईएमएस)। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के मगरवाय गांव में एक बेटे ने अपनी ही 65 वर्षीय मां की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान बेबी बाई वर्मा (65 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बेटा धनेश्वर प्रसाद वर्मा (42 वर्ष) बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर लकड़ी के पटिया से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी को हिरासत में लेकर उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। घटना के वक्त घर में और कौन मौजूद था, इस बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। फिलहाल, पुलिस हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। - सत्यप्रकाश (ईएमएस) / 22 अप्रैल 2026