हैदराबाद (ईएमएस)। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में हमारी हार का कारण अभिषेक शर्मा का शतक रहा। अक्षर ने कहा कि इस मैच में जिस प्रकार से अभिषेक ने आक्रामक पारी खेली उससे मैच हमारे हाथ से फिसल गया। साथ ही कहा कि अगर कोई ऐसी विस्फोटक बल्लेबाजी करे तो विरोधी कप्तान भी कुछ नहीं कर सकता है। इस मैच में कैपिटल्स को सनराइजर्स के हाथों 47 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। मैच के दौरान अभिषेक के सामने कैपिटल्स के गेंदबाजों असहाय नजर आये। अभिषेक ने 68 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाये। अक्षर ने कहा, इस मैच में हमें रनआउट और कैच लेकर अभिषेक को आउट करने के मौके मिले थे पर हम उनका लाभ नहीं उठा पाये। वहीं अगर हम सफल रहते तो सनराइजर्स को कम स्कोर पर समेट सकते थे। हालांकि इससे बाद भी जिस प्रकार से अभिषेक और हेनरिक क्लासेन ने बल्लेबाजी की उसके लिए हमें इन्हें जीत का श्रेय देना ही होगा। हमारी टीम ने अपनी ओर से पूरे प्रयास किये इसके बाद भी इन्हें रोक नहीं पाये। साथ ही कहा कि जब कोई बल्लेबाज इस तरह बल्लेबाजी करता है, तो कोच और कप्तान को यह मानना होता है कि वह भी किसी को रोक नहीं सकता। कैपिटल्स के कप्तान ने साथ ही कहा, मैंने गेंदबाजों से भी यही कहा कि अगर तुमने अपनी ओर से अच्छी गेंदबाजी की और इसके बाद भी शॉट जाता है तो तुम कुछ नहीं कर सकते हो। ऐेसी हालत में केवल फिल्डर ही अपने प्रदर्शन को बेहतर कर बल्लेबाज को रन आउट या कैच कर सकते थे। अक्षर ने कहा कि उनकी टीम अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर रही है, ऐसे में अब टीम में बदलाव की जरुरत नहीं है। दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक 6 मैच खेले हैं जिसमें से उसे तीन में जीत और इतनी ही हार मिली है। टीम इससे अंक तालिका में पांचवे नंबर पर है। गिरजा/ईएमएस 22 अप्रैल 2026