खेल
22-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान आजकल दिल्ली के एक अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं। जादरान के एक दुर्लभ और जानलेवा बीमारी से ग्रस्त हैं जिसके कारण उनकी आवाज भी चली गई है। वह इस समय एक अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं, जहाँ उनका इम्यून सिस्टम से जुड़ी ‘हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस’ (एचएलएल) नामक गंभीर बीमारी का इलाज चल रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, जादरान को इसी साल जनवरी में दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके भाई घमई जादरान ने बताया कि शापूर एचएलएच के एक एडवांस्ड स्टेज से जूझ रहे हैं। घमई ने कहा यह बहुत गंभीर संक्रमण था। उनका पूरा शरीर संक्रमण से भरा हुआ था, जिसमें टीबी (ट्यूबरकुलोसिस) भी शामिल था। यह उनके दिमाग में भी फैल गया था, जिसका पता एमआरआई और सीटी स्कैन के बाद चला। गौरतलब है कि एचएलएच इम्यून रेगुलेशन का एक दुर्लभ और जानलेवा डिसऑर्डर है, जिसमें मृत्यु दर काफी अधिक होती है। 38 वर्षीय शापूर जादरान की यह स्थिति उन्हें अक्टूबर में पहली बार अफगानिस्तान में महसूस हुई थी, जिसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए भारत भेजा गया। वह अपनी पत्नी और अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान के साथ भारत पहुंचे थे। शुरुआती उपचार के बाद उन्हें कुछ समय के लिए अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, और वे पास के एक होटल में चले गए। घमई ने बताया, डॉक्टर ने कहा था कि हम बार-बार चेकअप के लिए आ सकते हैं। उसे लगभग 20 दिनों तक अच्छा महसूस हो रहा था, फिर उसे दोबारा संक्रमण हो गया। फिर हमने उसे फिर से अस्पताल में भर्ती करा दिया। इस दोबारा भर्ती के बाद से ही शापूर आईसीयू में हैं।शापूर जादरान ने एक दशक से भी अधिक समय तक अफगानिस्तान के लिए क्रिकेट खेली है। 2009 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने के बाद, वह 2020 तक सक्रिय रहे। अपने करियर में उन्होंने 43 वनडे इंटरनेशनल और 37 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। ईएमएस 22 अप्रैल 2026