- ड्यूटी कर लौट रहे बुजुर्ग चौकीदार की बाइक टकराई, मौके पर ही थमी सांसें गुना (ईएमएस) । शहर के बजरंगगढ़ रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। अपनी पूरी उम्र मेहनत और ईमानदारी से गुजारने वाले 76 वर्षीय बुजुर्ग बनवारी लाल ग्वाल के लिए आज की सुबह आखिरी साबित हुई। सड़क के बीचो-बीच खड़े एक डीजे वाहन ने उनकी जिंदगी की रफ्तार पर हमेशा के लिए ब्रेक लगा दिया। कर्तव्य की राह पर हुआ हादसा बजरंगगढ़ निवासी बनवारी लाल पुत्र तुलसीराम ग्वाल लंबे समय से गुना शहर में चौकीदारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनका नियम अटूट था—हर शाम बजरंगगढ़ से गुना ड्यूटी पर आना और अगली सुबह सूरज की पहली किरण के साथ वापस घर लौटना। बुधवार सुबह करीब 6 बजे भी वे अपनी शिफ्ट पूरी कर घर की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन महर्षि विद्यालय के पास मौत बनकर खड़े एक डीजे वाहन ने उनका रास्ता रोक लिया। बीच सड़क खड़े वाहन ने ली जान प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरे और लापरवाही के बीच सड़क पर खड़े डीजे वाहन से बुजुर्ग की बाइक पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आधिकारिक तौर पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घातक लापरवाही का सबब बने डीजे वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। अब इस बात की जांच की जा रही है कि व्यस्त मार्ग पर डीजे वाहन को असुरक्षित तरीके से खड़ा करने का जिम्मेदार कौन है।-सीताराम नाटानी