राष्ट्रीय
22-Apr-2026
...


-जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और लद्दाख में बारिश या बर्फबारी और चल सकती हैं तेज हवाएं नई दिल्ली,(ईएमएस)। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में लू चलने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल, ओडिशा और दक्षिण भारत के कई इलाकों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र, कोंकण, गोवा, गुजरात और केरल में भी चिपचिपाने वाली गर्मी पड़ेगी। कुछ जगहों पर रात में भी गर्मी बनी रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को राहत कम मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार सामान्य से ज्यादा दिन लू चल सकती है। खासतौर पर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, पूर्वी तट और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है। गर्मी से बचाव के लिए विभाग लगातार अलर्ट जारी कर रहा है। खासकर बाहर काम करने वाले लोगों जैसे रेहड़ी-पटरी वाले और खेतों में काम करने वाले मजदूरों को मोबाइल और अन्य माध्यमों से जानकारी दी जा रही है, ताकि वे सावधानी बरत सकें। जहां एक तरफ गर्मी बढ़ रही है, वहीं देश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने के संकेत भी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बारिश या बर्फबारी के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है। दिल्ली में आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है, जिससे हीटवेव जैसे हालात बनेंगे। इस दौरान तापमान सामान्य से ऊपर या काफी ज्यादा रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में कम निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। सिराज/ईएमएस 22अप्रैल26