नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद और बढ़ गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे पर सार्वजनिक चर्चा का स्तर गिराने का आरोप लगाकर उनकी टिप्पणियों को प्रधानमंत्री और उनके समर्थकों का अपमान बताया। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने इन टिप्पणियों की निंदा कर कहा कि कांग्रेस नई निम्नताओं को छू रही है और सार्वजनिक चर्चा के मानकों को बार-बार गिरती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को आतंकवादी कहना अस्वीकार्य है और यह मोदी का समर्थन करने वाले लाखों मतदाताओं के लोकतांत्रिक जनादेश का अपमान है। बीजेपी के नेता शाह ने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में बीते एक दशक में आतंकवाद पर निर्णायक अंकुश लगा है और इस तरह की भाषा निंदनीय है। भाजपा ने कहा कि बार-बार किए जा रहे व्यक्तिगत हमले राजनीतिक हताशा को दिखाते हैं। शाह ने कहा कि मतदाता मतपत्र के माध्यम से खरगे के बयान का जबाव देने वाले है। खरगे ने ये टिप्पणियां चुनावी रैली को संबोधित कर कीं, जहां उन्होंने मोदी के साथ गठबंधन करने के लिए एआईएडीएमके की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समानता या न्याय में विश्वास नहीं करती और कहा कि इस गठबंधन ने लोकतंत्र को कमजोर किया है और तमिलनाडु के हितों से समझौता किया है। लेकिन विरोध के बाद, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने स्पष्ट किया कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया था। उन्होंने कहा कि आतंकवादी शब्द का प्रयोग शाब्दिक अर्थ में नहीं किया था, बल्कि केंद्र द्वारा की जा रही धमकियों के एक पैटर्न का वर्णन करने के लिए किया था। आशीष दुबे / 22 अप्रैल 2026