-गुजरात के मुंद्रा पोर्ट जा रहे कंटेनर शिप पर कार्रवाई तेहरान,(ईएमएस)। पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है, जब इस्लामिक रिवुलेशनरी गार्ड कॉर्प्स ने होर्मुज स्ट्रेट में भारत की ओर जा रहे एक कंटेनर जहाज को रोककर अपने कब्जे में ले लिया। ईरान ने दावा किया है कि यह कार्रवाई समुद्री सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते की गई है। लाइबेरिया के झंडे वाला यह जहाज ‘एपामिनोडेस’ गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर जा रहा था। ईरानी नौसेना के अनुसार, जहाज ने बिना अनुमति स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की कोशिश की और उसके नेविगेशन सिस्टम में संदिग्ध छेड़छाड़ भी पाई गई, जिससे समुद्री सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हुआ। कार्रवाई के दौरान आईआरजीसी की नौसेना इकाई ने जहाज को इंटरसेप्ट कर उसे अपने नियंत्रण में ले लिया और ईरानी तट की ओर ले जाया गया। अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों के तहत यह कदम आवश्यक था। इसके अलावा, ईरान ने इजराइल से जुड़े बताए जा रहे ‘फ्रांसेस्का’ नामक एक अन्य जहाज को भी जब्त करने का दावा किया है, जबकि ‘यूफोरिया’ नाम के एक जहाज पर हमले की सूचना भी सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एक अन्य जहाज पर ईरान के पास फायरिंग की गई थी, जबकि दूसरा जहाज ओमान तट के पास हुए हमले में क्षतिग्रस्त हुआ। होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह की सैन्य या सुरक्षा कार्रवाई का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है। हाल के वर्षों में इस क्षेत्र में लगातार तनाव और जहाजों पर हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे वैश्विक समुद्री सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं। हिदायत/ईएमएस 22अप्रैल26