राज्य
23-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। बढ़ती गर्मी के बीच बुधवार को दिन भर राजधानी वासी गर्म हवा के थपेड़ों से परेशान रहे। कड़ी धूप और शुष्क हवाओं के चलते लोगों को अब झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अब यह बात अलग है कि मौसम विभाग का पूर्वानुमान लगातार दूसरे दिन गलत साबित हुआ। लू नहीं चली और येलो अलर्ट भी वापस लेना पड़ गया। बृहस्पतिवार को भी लू चलने के आसार नहीं है। दिल्ली के रिज इलाके अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मालूम हो कि अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री ज्यादा होने पर ही उसे लू की स्थिति माना जाता है। पहले मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए लू का अलर्ट जारी किया था, लेकिन यह अनुमान भी सटीक साबित नहीं हुआ। अब मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति बन सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/ अप्रैल /2026