- सोना 22 कैरेट 1.40 लाख के पार, चांदी2,44,159 रुपए प्रति किलोग्राम नई दिल्ली (ईएमएस)। देश में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। गुरुवार 23 अप्रैल को लगातार दूसरे दिन पीली धातु सस्ती हुई, जिससे निवेशकों और खरीदारों दोनों के लिए कुछ राहत मिली है। राजधानी दिल्ली में 22 कैरेट सोने का भाव 10 रुपये प्रति 10 ग्राम घटकर 1,41,990 रुपये पर आ गया है, जबकि मुंबई में यह 1,41,840 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। इस गिरावट के पीछे वैश्विक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार का दबाव प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। वहीं प्रतिभागियों के अपने दांव घटाने से चांदी की वायदा कीमत गुरुवार को 4,205 रुपये टूटकर 2,44,159 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मई में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंध का भाव 4,205 रुपये की गिरावट के साथ 2,44,159 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। इसमें 1,281 लॉट का कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने बताया कि प्रतिभागियों की बिकवाली से मुख्य रूप से चांदी की कीमतों पर दबाव पड़ा। गुरुवार को 22 कैरेट सोना ही नहीं, बल्कि 24 कैरेट और 18 कैरेट वाले सोने की कीमतों में भी 10-10 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि एक दिन पहले 22 अप्रैल को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना 300 रुपये टूटकर करीब 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भी हाजिर सोना 4,742.97 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है, जो वैश्विक दबाव को दर्शाता है। बाजार के जानकारों का कहना है कि वैश्विक तनाव का असर सोने की कीमतों पर साफ दिख रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष विराम की दूसरे दौर की बातचीत सफल न होने से भू-राजनीतिक अस्थिरता बढ़ गई है। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघर्ष विराम की अवधि बढ़ा दी है, पर कोई ठोस प्रगति न होने से डॉलर और कच्चे तेल को मजबूती मिली है, जबकि सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। सतीश मोरे/23अप्रैल ---