23-Apr-2026
...


अंबिकापुर (ईएमएस)। सरगुजा जिले में एक भाजपा नेता द्वारा पटवारी कार्यालय में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी में पटवारी प्रकाश मंडल अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा नेता और एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुजूर (मोनू) वहां पहुंचा और आरआई अनिता राजवाड़े के बारे में पूछताछ करने लगा। पटवारी द्वारा यह कहे जाने पर कि आरआई लंच पर गई हैं और उनका नंबर दीवार पर लिखा है, आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए पटवारी की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए ऑपरेटर को भी आरोपी ने लात-घूंसे और डंडे से पीट दिया। जान बचाने के लिए पटवारी कार्यालय से बाहर भागे, लेकिन आरोपी ने बाहर भी उनका पीछा कर हमला किया। किसी तरह पटवारी ने कमरे में बंद होकर खुद को सुरक्षित किया। घटना की जानकारी मिलते ही पटवारी संघ के पदाधिकारी दरिमा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। मामला सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत के संज्ञान में आने के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने देर रात आरोपी जितेंद्र कुजूर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी जमीन की खरीद-बिक्री से भी जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। - (ईएमएस) / 23 अप्रैल 2026