23-Apr-2026
...


बालोद(ईएमएस)। नेशनल हाईवे-930 पर बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बालोद थाना क्षेत्र के जमहि टोल प्लाजा और ग्राम गुजरा के बीच रात करीब 9 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में एक की पहचान ग्राम गुजरा निवासी डोमेन्द्र यादव के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, क्योंकि उसका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शवों को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे की खराब हालत इस हादसे की मुख्य वजह है। उन्होंने सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। दोनों शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)23 अप्रैल 2026