70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कहीं लू तो कहीं होगी ओलावृष्टि नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। यूपी से लेकर मध्यप्रदेश तक कई शहरों में तापमान 40 के पार है। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए राहत की खबर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक अप्रैल का आखिरी सप्ताह आते-आते मौसम का मिजाज बदलने वाला है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जो उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक असर दिखाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में आंधी-तूफान, तेज हवाएं और बारिश कई राज्यों में हो सकती है। हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। यही वजह है कि 13 राज्यों में मौसम पलटने का अलर्ट जारी किया है। कहीं लू चलेगी तो कहीं ओलावृष्टि होगी। कहीं आसमान साफ रहेगा तो कहीं अचानक बादल छा जाएंगे। इस बदलते मौसम के पीछे कई वेदर सिस्टम एक साथ काम कर रहे हैं। फिलहाल देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 40 डिग्री के पार हो चुका है, लेकिन राहत की उम्मीद भी साथ-साथ बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 36 घंटों में पहाड़ी क्षेत्रों पर असर दिखेगा और धीरे-धीरे इसका प्रभाव मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा।कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। वहीं पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। दक्षिण भारत में भी नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है यानी देश के हर हिस्से में मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिलेगा। यही कारण है कि यह हफ्ता मौसम के लिहाज से बेहद अहम है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में इस समय गर्मी अपने चरम पर है और लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं शरीर को झुलसा देने वाली महसूस हो रही हैं। हालांकि 25 अप्रैल के बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं, जिससे सीधे धूप का असर कुछ कम होगा। इसके बाद 27 से 28 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यह बारिश गर्मी से कुछ राहत जरूर दे सकती है और तापमान में गिरावट ला सकती है, लेकिन तब तक लोगों को सावधानी बरतनी होगी। ज्यादा पानी पीना, धूप से बचना और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलना। उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। 23 से 25 अप्रैल के बीच प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। खासतौर पर बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी ने कहर मचा रखा है। बांदा, झांसी, हमीरपुर जैसे जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है, जो लोगों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी खराब है, जहां छांव और पानी की कमी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। बिहार में भीषण गर्मी का दौर जारी है और लोगों के लिए यह किसी टॉर्चर से कम नहीं है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, इससे दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने हालात और खराब कर दिए हैं। सीमावर्ती जिलों जैसे किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में हल्के बादल छाने और आंधी जैसी स्थितियां बनने के संकेत हैं, लेकिन इससे व्यापक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती और पानी की समस्या के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। राजस्थान में गर्मी ने अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ने शुरू कर दिए हैं और स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दिन के समय सड़कें सूनी नजर आती हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं और बाहर निकलना चुनौती बन गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे हालात और खराब हो सकते हैं। पहाड़ी इलाकों में बदलेगा मौसम हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों में कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और ओलावृष्टि का खतरा भी है। मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उत्तराखंड में 24 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर खासतौर पर ऊंचाई वाले इलाकों में देखने को मिलेगा। कई जिलों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है, लेकिन तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि जम्मू-कश्मीर में 24 अप्रैल के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। घाटी में बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि जम्मू क्षेत्र में गर्मी का असर बना रहेगा। दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान यात्रा से बचने की सलाह दी है। दक्षिण भारत में भी नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा पश्चिमी घाट के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में तूफान का अलर्ट पूर्वोत्तर भारत में मौसम पहले से ही बिगड़ा हुआ है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी है। कई जगहों पर जलभराव और भूस्खलन जैसी समस्याएं भी देखने को मिल सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें और जरूरी होने पर ही बाहर निकलें। सिराज/ईएमएस 23अप्रैल26