- यात्रियों में चीख-पुकार : बडा हादसा टला जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में नगमा तिराहे के समीप देर रात एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 केवी हाईटेंशन लाइन के पोल से जा टकराई। इस घटना से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बताया जाता है कि सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को रास्ता देने के प्रयास में चालक ने अचानक बस से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे एक ओर को उतरकर सीधे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे में बस के एक तरफ झुक जाने से उसमें सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही माढ़ोताल पुलिस और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि टक्कर के बावजूद न तो बिजली का पोल गिरा और न ही हाईटेंशन लाइन टूटी, अन्यथा करंट फैलने से स्थिति भयावह हो सकती थी। इसके बाद बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं,जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि इस टक्कर के बावजूद न तो बिजली का पोल गिरा और न ही हाईटेंशन लाइन टूटी, अन्यथा बडा हादसा हो सकता था। - 23 अप्रैल 2026/ 03.32