मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई से सटे कल्याण के पास टिटवाला से गिरफ्तार ड्रग्स सप्लायर अश्विनी पॉल और उसके लिव-इन पार्टनर आमिर सैयद सहित इरफान अंसारी को अदालत ने 28 तारीख तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिलने के बाद जांच एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पुलिस के अनुसार, अश्विनी का ड्रग नेटवर्क केवल मुंबई तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र के कई शहरों के साथ-साथ गोवा और गुजरात तक फैला होने की आशंका है। जांच में यह भी सामने आया है कि ड्रग्स की खेप एयर कार्गो के जरिए भारत लाई जा रही थी, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है। इस मामले में आमिर सैयद का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही रहा है। उसे पहले भी राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने फिर से ड्रग तस्करी शुरू कर दी। अदालत में पेशी के दौरान बार-बार अनुपस्थित रहने पर फरवरी में उसकी जमानत रद्द कर दी गई थी और उसे दोबारा जेल भेज दिया गया था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि जमानत के दौरान आमिर ने बड़ी मात्रा में एक्स्टेसी ड्रग्स मंगवाकर अश्विनी के जरिए उसकी सप्लाई शुरू कर दी थी। एंटी-नारकोटिक्स टीम ने आमिर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। अश्विनी, आमिर, इरफान अंसारी और सुफियान शेख को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सुफियान शेख को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए बाकी तीन आरोपियों को 28 तारीख तक पुलिस कस्टडी में रखने का आदेश दिया है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। आशंका है कि अश्विनी और उसके सहयोगियों ने महाराष्ट्र के अलावा अन्य राज्यों में भी ड्रग्स की सप्लाई की है। - आमिर का दुबई कनेक्शन भी जांच के घेरे में नेरुल निवासी आमिर सैयद पहले दुबई में काम कर चुका है। वर्ष 2023 में 11 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तारी से पहले वह नौकरी के बहाने लोगों को ड्रग्स कैरियर बनाकर अलग-अलग देशों में भेजता था और उनके जरिए भारत में तस्करी कराता था। जांच में यह भी सामने आया है कि ड्रग्स की खेप पकड़े जाने से पहले आमिर कुछ समय दुबई में भी रहा था। फिलहाल पुलिस उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और फंडिंग के स्रोतों का पता लगाने में जुटी हुई है। - २३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस