- दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। एक ओर जहां भीषण गर्मी का असर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बेमौसम बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई हिस्सों में फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 2-3 दिनों से इन इलाकों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी इन क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोंकण और अन्य कुछ इलाकों में तापमान बढ़ने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना किसी अत्यावश्यक काम के घर से बाहर न निकलें, ताकि लू और मौसम के दुष्प्रभाव से बचा जा सके। वहीं मौसम में इस अचानक बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी देखा जा रहा है। डॉक्टरों ने नागरिकों को सावधानी बरतने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि स्थिति अभी सामान्य होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। - इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने का खतरा सोलापुर, सांगली, सातारा, सिंधुदुर्ग, पुणे, धाराशिव, कोल्हापुर, लातूर और नांदेड़ में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही अगले चार दिनों तक दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और ओलावृष्टि (गारपीट) की आशंका जताई गई है। - किसानों को बड़ा नुकसान बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। सोलापुर जिले के करमाला तालुका में तेज आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में फसलें बर्बाद होने की आशंका है। वहीं नासिक जिले के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भी बारिश और ओलावृष्टि ने कहर बरपाया है। येवला क्षेत्र के कुसुर, कुसमाडी, अंकाई और नायगांव गांवों में सैकड़ों हेक्टेयर में लगी प्याज की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। कुसमाडी गांव के किसान दिलीप मेंगाल की लगभग 10 एकड़ में तैयार प्याज की फसल ओलावृष्टि से खराब हो गई। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है। - २३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस