अंतर्राष्ट्रीय
23-Apr-2026


जिनेवा,(ईएमएस)। लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत तैनात एक और फ्रांसीसी सैनिक की मौत ने अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ाई है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने घटना पर गहरा दुख जता कर शांति सैनिकों पर हो रहे हमलों को तुरंत रोकने की अपील की। यह घटना तब हुई जब यूनाइटेड नेशंस इंटरिम फोर्स इन लेबनान (यूएनआईएफआईएल) के तहत कार्यरत फ्रांसीसी टुकड़ी दक्षिणी लेबनान में सड़क साफ करने के मिशन पर थी। यूएन प्रवक्ता स्टेफ़ान डुजारिक के अनुसार, हमले में घायल हुए 31 वर्षीय फ्रांसीसी कॉर्पोरल अनिसेट गिरार्डिन की बाद में पेरिस के अस्पताल में मौत हुई। गिरार्डिन एक विशेषज्ञ डॉग हैंडलर थे और विस्फोटक निष्क्रिय करने वाली टीम के साथ काम कर रहे थे। यह हमला यूएनआईएफआईएल के अलग-थलग पड़े ठिकानों तक पहुंच बहाल करने के प्रयास के दौरान हुआ। इससे पहले भी इसी घटना में एक अन्य शांति सैनिक की जान जा चुकी थी, जबकि एक सैनिक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। संयुक्त राष्ट्र ने हमले को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताकर कहा है कि यह “वॉर क्राइम” की श्रेणी में आ सकता है। महासचिव ने सभी संबंधित पक्षों से हमलों को तुरंत रोकने और जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस हमले के पीछे लेबनान का सशस्त्र समूह हिज्जबुल्ला हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। गुटेरेस ने हाल ही में घोषित इजरायल-लेबनान युद्धविराम का सम्मान करने की भी अपील की और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 को पूरी तरह लागू करने पर जोर दिया। यह प्रस्ताव 2006 के लेबनान 2006 के बाद क्षेत्र में स्थिरता बहाल करने के उद्देश्य से लाया गया था। आशीष दुबे / 23 अप्रैल 2026