- 65 वर्षीय पति ने अपनी पत्नी की कर दी निर्मम हत्या गांव में पसरा मातम बिलासपुर (ईएमएस)। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रिस्दा में मंगलवार को एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जहां चरित्र शंका ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। 65 वर्षीय पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और वारदात के बाद स्वयं थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार, ग्राम रिस्दा निवासी जीवनलाल नौरंगे को अपनी पत्नी सरस्वती नौरंगे के चरित्र पर लंबे समय से संदेह था। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष उनकी बेटी की सडक़ हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार गहरे सदमे में था और पति-पत्नी के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। कुछ समय से महिला घर से बाहर रह रही थी और हाल ही में वापस लौटी थी। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पति ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी सीधे मस्तूरी थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। मामले में थाना मस्तूरी में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस, एफएसएल टीम और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से पत्नी पर संदेह करता था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। एक ही परिवार में पहले बेटी की मौत और अब इस दर्दनाक वारदात ने ग्रामीणों को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह घटना एक बार फिर इस बात की गंभीर चेतावनी देती है कि शक, तनाव और संवादहीनता जब बढ़ जाती है, तो परिवार टूट जाते हैं। रिश्तों में विश्वास, बातचीत और समय रहते मानसिक तनाव का समाधान बेहद जरूरी है, ताकि ऐसे दुखद हादसों को रोका जा सके। मनोज राज 23 अप्रैल 2026