क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


मण्डला (ईएमएस)। अनुविभागीय अधिकारी श्री सचिन जैन द्वारा बुधवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर देवगांव, रयगांव एवं मुनू का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर श्री जैन ने टीकाकरण कार्यक्रम, परिवार नियोजन, एनीमिया रोकथाम अभियान के अंतर्गत आयु वर्ग अनुसार पिंक टैबलेट (0-10 वर्ष), ब्लू टैबलेट (10-19 वर्ष) एवं रेड टैबलेट (19-49 वर्ष) के वितरण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही संस्थागत प्रसव, एएनसी (एंटी नेटल केयर) एवं पीएनसी सेवाओं के क्रियान्वयन का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के आयोजन एवं उससे जुड़ी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। श्री जैन ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए तथा लाभार्थियों तक सेवाएं प्रभावी रूप से पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुविभागीय अधिकारी श्री जैन द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मुनू एवं शासकीय माध्यमिक शाला हर्राटीकुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के वितरण, बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं का भी जायजा लिया। श्री जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयसीमा में पूर्ण किए जाएं तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से एचपीवी टीकाकरण को प्राथमिकता देने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया। ईएमएस / 23/04/2026