मुंबई (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया गुरुवार को गिरावट पर बंद हुआ। बाजार में ये गिरावट मध्यपूर्व में हालाता तनावपूर्ण होने से आई है। पश्चिम एशिया में शांति वार्ता में कोई प्रगति न होने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से घरेलू मुद्रा दबाव में है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.04 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 94.12 पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 34 पैसे की गिरावट दिखाता है। रुपया बुधवार को 34 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.78 पर बंद हुआ था। रुपया लगातार तीसरे सत्र में गिरावट में रहा। पिछले दो सत्र में यह 53 पैसे टूटा है। घरेलू मुद्रा ने 23 मार्च को पहली बार 94 डॉलर के स्तर को पार किया था। रुपया 30 मार्च को अपने अब तक के सबसे निचले अंतर-दिवसीय स्तर 95.22 पर पहुंचा था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दिखाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 फीसदी की बढ़त के साथ 98.53 पर रहा। ईएमएस 23 अप्रैल 2026