राज्य
23-Apr-2026


* मेट्रोपोलिटन एक्सीकेम कंपनी में विस्फोट से दहला इलाका, आसमान में छाया काला धुआं; कई घायलों की हालत गंभीर भरुच (ईएमएस)| जिले के झगड़िया जीआईडीसी इलाके में आज एक गंभीर औद्योगिक हादसे से हड़कंप मच गया। मेट्रोपॉलिटन एक्सीकेम कंपनी के प्लांट में अचानक जोरदार विस्फोट होने से पूरा क्षेत्र दहल उठा। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कुछ ही क्षणों बाद प्लांट में भीषण आग लग गई और आसमान में काले धुएं के घने गुबार छा गए। यह दृश्य देखकर आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे श्रमिकों में दहशत फैल गई और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। हादसे में 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को तत्काल अंकलेश्वर की अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचने लगे, जिससे वहां भारी भीड़ का माहौल बन गया। वहीं, कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केमिकल यूनिट होने के कारण आग तेजी से फैलने का खतरा बना रहा, जिससे राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, प्लांट में तकनीकी खराबी या केमिकल रिएक्शन के चलते विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रशासन और विशेषज्ञों की टीम मामले की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सतीश/23 अप्रैल