व्यापार
23-Apr-2026


- पहली तिमाही में $ 5.1 बिलियन का निवेश नई दिल्ली(ईएमएस)। भारतीय रियल एस्टेट सेक्टर के लिए साल 2026 की शुरुआत धमाकेदार रही है। एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, इस साल की पहली तिमाही (जनवरी से मार्च) में विदेशी और घरेलू निवेशकों ने भारत की संपत्तियों में जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई है। आंकड़ों की बात करें तो इस साल के पहले तीन महीनों में लगभग 5.1 अरब डॉलर (कुल $5.1 बिलियन) का निवेश भारत आया है। पिछले साल इसी दौरान यह निवेश केवल $2.9 बिलियन था। इसका मतलब है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल निवेश में 72 प्रतिशत की शानदार बढ़त दर्ज की गई है, जो अब तक की किसी भी तिमाही में सबसे अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में निवेश में लगभग 53 प्रतिशत का जोरदार उछाल देखा गया। यह आंकड़ा 2025 की चौथी तिमाही के $3.3 बिलियन से बढक़र अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है, जो भारत के रियल एस्टेट सेक्टर की बुनियादी मजबूती में संस्थागत निवेशकों के निरंतर विश्वास को दर्शाता है। रिपोर्ट में इस बात को भी रेखांकित किया गया है कि कुल निवेश का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा अकेले बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली-एनसीआर में आया। विशेष रूप से, कुल विदेशी निवेश में सिंगापुर और कनाडा का दबदबा रहा, जिनकी हिस्सेदारी क्रमश: लगभग 72 प्रतिशत और 27 प्रतिशत रही। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2026 की पहली तिमाही के दौरान निवेश की इस रफ्तार का मुख्य कारण बने-बनाए ऑफिस एसेट्स और जमीन के अधिग्रहण में आई भारी पूंजी रही। कुल इक्विटी निवेश प्रवाह में इन दोनों क्षेत्रों की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत से अधिक रही। खास बात यह है कि इस निवेश परिदृश्य में घरेलू निवेशकों का दबदबा रहा, जिनमें मुख्य रूप से डेवलपर्स शामिल थे। कुल निवेश प्रवाह में घरेलू निवेशकों की हिस्सेदारी लगभग 96 प्रतिशत दर्ज की गई। जमीन अधिग्रहण पर विशेष जोर रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि इस पूंजी का एक बड़ा हिस्सा जमीन खरीदने में लगाया गया। जमीन अधिग्रहण के लिए समर्पित कुल फंड का 73 प्रतिशत से अधिक हिस्सा मिश्रित उपयोग और आवासीय परियोजनाओं में इस्तेमाल किया गया। बाकी बचा हुआ फंड ऑफिस, वेयरहाउसिंग और हॉस्पिटैलिटी विकास के लिए आवंटित किया गया था। विनोद उपाध्याय / 23 अप्रैल, 2026