व्यापार
23-Apr-2026


सेंसेक्स 852 अंक गिरा, निफ्टी भी 205 अंक नीचे, ऑटो और सरकारी बैंक शेयरों में बिकवाली निवेशकों के 3 लाख करोड़ स्वाहा मुंबई(ईएमएस)। अमेरिका-ईरान वार्ता में गतिरोध के बीच कच्चे तेल की कीमतें एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने के कारण गुरुवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट दर्ज की गई। विदेशी निधियों की निकासी और एशियाई शेयर बाजारों में कमजोर रुझानों ने भी बाजारों को नीचे खींच लिया। सेंसेक्स गुरुवार को 852 अंक (1.09 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 77,664 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 205 अंकों (0.84 प्रतिशत) की गिरावट रही, ये 24,173 पर आ गया। कारोबार में फार्मा और मीडिया शेयरों में खरीदारी रही, जबकि ऑटो में सबसे ज्यादा बिकवाली देखी गई। शेयर बाजार में आई इस बड़ी गिरावट के बीच मार्केट इन्वेस्टर्स को तगड़ा घाटा हुआ है और उनके करीब 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए। शेयर मार्केट में ये लगातार दूसरा दिन है, जबकि सेंसेक्स-निफ्टी बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को दिनभर गिरावट जारी रही। खुलने के साथ ही क्रैश हुआ शेयर बाजार अंत तक संभल नहीं सकता। सेंसेक्स ने गुरुवार को शेयर बाजार में ट्रेडिंग स्टार्ट होने पर अपने पिछले बंद 78,516 की तुलना में फिसलकर 77,983 के लेवल पर शुरुआत की और इसके बाद ये गिरावट लगातार बढ़ती चली गई। बाजार में कारोबार खत्म होने पर 30 शेयरों वाला ये इंडेक्स 852.49 अंक फिसलकर 77,664 के लेवल पर क्लोज हुआ। वहीं निफ्टी भी गिरावट के साथ रेड जोन में ओपन होने के बाद अंत तक लाल निशान पर ही कारोबार करता रहा। ये 50 शेयरों वाला इंडेक्स अपने बुधवार के बंद 24,378 की तुलना में टूटकर 24,202 के स्तर पर खुला था और इसने 205 अंक की गिरावट के साथ 24,173.05 पर क्लोजिंग की। इस गिरावट के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का मार्केट कैप गिरकर 4,66,35,326 करोड़ रुपये पर आ गया, जो बीते कारोबारी दिन क्लोजिंग के समय 4,69,36,824 दर्ज किया गया था। इस हिसाब से देखें, तो शेयर मार्केट में निवेश करने वालों को एक ही दिन में 3,01,498 करोड़ रुपये का झटका लगा है। विनोद उपाध्याय / 23 अप्रैल, 2026