- 6.5 गीगावॉट क्षमता से ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा नई दिल्ली (ईएमएस)। स्वच्छ ऊर्जा समाधान प्रदाता रीन्यू एनर्जी ग्लोबल पीएलसी (रीन्यू) ने आंध्र प्रदेश में 4,200 करोड़ रुपये के निवेश से एक अत्याधुनिक सौर इंगट-वेफर विनिर्माण इकाई स्थापित करने की घोषणा की है। विशाखापत्तनम के पास अनकापल्ली जिले में बनने वाली 6.5 गीगावॉट क्षमता की यह इकाई देश की पहली नई सौर इंगट-वेफर विनिर्माण इकाइयों में से एक होगी, जो भारत को स्वच्छ ऊर्जा में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह परियोजना रीन्यू की आंध्र प्रदेश में 82,000 करोड़ रुपये के निवेश की व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा है। 24 महीनों के भीतर चालू होने की उम्मीद के साथ, यह संयंत्र राज्य में 2,100 से अधिक प्रत्यक्ष और परोक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेगा। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू ने इस निवेश को राज्य को ‘भारत के सिलिकन कोस्ट’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह निवेश स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक विनिर्माण के केंद्र के रूप में राज्य की स्थिति को मजबूत करेगा, साथ ही आर्थिक विकास को गति देगा। यह इकाई देश की सौर आपूर्ति श्रृंखला को स्थानीय स्तर पर मजबूत करेगी, आयात पर निर्भरता कम करेगी और भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगी। यह रीन्यू के मौजूदा सौर पीवी मॉड्यूल और सेल विनिर्माण के लिए महत्वपूर्ण अपस्ट्रीम घटक इंगट और वेफर का उत्पादन कर बैकवर्ड एकीकरण को सक्षम बनाएगी। रीन्यू के एक अधिकारी ने कहा कि यह इकाई देश के भीतर विनिर्माण क्षमता का निर्माण करने और एक एकीकृत, आत्मनिर्भर स्वच्छ ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र के हमारे दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रीन्यू सौर विनिर्माण में एक दमदार खिलाड़ी है, जिसके पास पहले से ही 6.5 गीगावॉट की परिचालनगत सौर विनिर्माण क्षमता है। दिसंबर 2026 तक 6.5 गीगावॉट सेल तक विस्तार होने की उम्मीद है। यह नई इकाई कंपनी की पूरी सौर मूल्य श्रृंखला में उसकी स्थिति को और मजबूत करेगी, जिससे भारत के स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन को गति मिलेगी। सतीश मोरे/24अप्रैल ---