- कंपनी ने अब यूरोप और मेक्सिको को बनाया नया ठिकाना, घरेलू बाजार में भी बंपर उछाल नई दिल्ली (ईएमएस)। जावा, बीएसए और येज्दी जैसे प्रतिष्ठित मोटरसाइकिल ब्रांड्स की मूल कंपनी क्लासिक लीजेंड्स ने अपनी निर्यात रणनीति में एक बड़ा बदलाव किया है। अमेरिकी बाजार में बढ़ती अनिश्चितताओं और चुनौतियों के कारण कंपनी ने अब यूरोप और दुनिया के अन्य अधिक स्थिर बाजारों पर अपना ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है। इस कदम से कंपनी की लगभग 5,000 फंसी हुई मोटरसाइकिलों को नए गंतव्य मिल गए हैं, जबकि कंपनी घरेलू मोर्चे पर भी शानदार वृद्धि और मुनाफा दर्ज कर रही है। क्लासिक लीजेंड्स के मुताबिक अमेरिकी बाजार की अनिश्चितताओं के कारण कंपनी की लगभग 5,000 मोटरसाइकिलें रास्ते में ही फंस गई थीं। जो खेप पहले अमेरिका के लिए निर्धारित थी, उसे अब मेक्सिको और यूरोप जैसे अन्य बाजारों में भेजा जा रहा है, जहां इन मोटरसाइकिलों की ज़बरदस्त मांग है। कंपनी के एक अधिकानरी ने कहा कि अमेरिकी बाजार की स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। जैसे ही वहां अनिश्चितता खत्म होगी, हम फिर से शुरुआत करेंगे, लेकिन फिलहाल वह बाजार व्यावहारिक नहीं है। कंपनी अब रणनीतिक रूप से अधिक स्थिर और मांग वाले बाजारों की ओर रुख कर रही है। अमेरिकी बाजार की बाधा के बावजूद, नए बाजारों में कदम रखने से कंपनी की निर्यात की रफ्तार मजबूत बनी हुई है। वर्तमान में, कंपनी की कुल बिक्री में निर्यात की हिस्सेदारी लगभग 10 प्रतिशत है, जिसे कंपनी भविष्य में दो से चार गुना तक बढ़ाने की योजना बना रही है। हालांकि, कंपनी ने यह भी कहा कि भारत में घरेलू बाजार भी बहुत तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए कुल बिक्री में निर्यात की हिस्सेदारी में कोई बहुत बड़ा बदलाव नहीं आएगा। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में क्लासिक लीजेंड्स की खुदरा बिक्री में 40 प्रतिशत का उछाल आया, जो 32,482 वाहनों से बढ़कर 45,409 वाहन हो गई। सतीश मोरे/24अप्रैल ---