मुम्बई (ईएमएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसएके) टीम के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ हुए मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी कर अपनी टीम की जीत में योगदान दिया। उन्होंने अपने 4 ओवरों में 31 रन देकर 1 विकेट लिया जबकि इस दौरान वह मां के निधन के कारण गहरे सदमें में थे। इससे बाद भी उन्होंने टीम के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। खेल के प्रति जुनून और टीम के लिए कुछ कर गुजरने के जज्बा के कारण ही वह मैदान पर उतर पाये। मुकेश को जब मां प्रेम देवी के निधन की जानकारी मिली तब वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच खेल रहे थे। वह मैच के बाद तत्काल ही अपने गृह नगर भिलवाड़ा, रवाना हो गए। वहां उन्होंने अपनी मां का अंतिम संस्कार किया और परिवार के साथ कुछ समय रहकर टीम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए शिविर से जुड़ गये। इस कठिन समय में सीएसके टीम भी मुकेश के साथ नजर आयी। मुकेश की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि देने और उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए, सीएसके की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में काली पट्टी बांधकर उतरी थी। मैच से पहले, सीएसके ने अपने आधिकारिक ‘ भावुक संदेश में लिखा था, सीएसके परिवार मुकेश की मां के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है। इस मुश्किल समय में हम मुकेश और उनके परिवार के साथ हैं, हमारी दुआएं और संवेदनाएं उनके साथ हैं। मैदान पर मुकेश की उपस्थिति और टीम की इस एकजुटता से सीएसके का प्रदर्शन बेहतर हुआ और उसे जीत मिली। ईएमएस 24 अप्रैल 2026