- झुग्गी बस्तियों में दो दिन में आ रहा टैंकर,दोपहर में लग रही लाइनें भोपाल (ईएमएस)। भोपाल में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी की किल्लत सामने आने लगी है। शहर के कई इलाकों में समय पर पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। सबसे ज्यादा असर झुग्गी बस्तियों में देखने को मिल रहा है, जहां रोजमर्रा के काम के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो गया है। नगर निगम की व्यवस्था भी कमजोर नजर आ रही है। कई इलाकों में पानी के टैंकर एक दिन छोडक़र पहुंच रहे हैं और उनके आने का कोई तय समय नहीं है। ऐसे में लोग सुबह से ही बर्तन लेकर लाइन में खड़े हो जाते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई परिवारों को पूरा पानी नहीं मिल पाता। - दोपहर की धूप में इंतजार, बढ़ी मुश्किलें तेज गर्मी के बीच महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग दोपहर में टैंकर का इंतजार करते दिखाई देते हैं। झुग्गी बस्तियों में हालात और खराब हैं, क्योंकि वहां पानी का कोई स्थायी इंतजाम नहीं है। कई जगह बोरिंग बंद पड़ी हैं, जिससे लोग पूरी तरह टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं। - लोगों में नाराजगी, सुनवाई नहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। शिकायतों के बावजूद हालात में सुधार नहीं हो रहा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। - आने वाले दिनों में और बढ़ेगी दिक्कत मई-जून में तापमान और बढऩे की संभावना है, जिससे पानी की मांग और बढ़ेगी। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जल संकट और गंभीर हो सकता है। यह समस्या अब सिर्फ एक-दो इलाकों तक सीमित नहीं, बल्कि शहर के कई हिस्सों में फैल चुकी है। - 24 अप्रैल 26