- पैंची के पास पुलिया में घुसी अर्टिगा, मामा-भांजे ने मौके पर ही तोड़ा दम। दर्दनाक सडक़ हादसा, डिलीवरी के बाद पत्नी से मिलकर लौट रहे युवक और उसके भांजे की मौत, पुलिया से टकराई तेज रफ्तार अर्टिगा गुना (ईएमएस) । जिले के चांचौड़ा थाना अंतर्गत बीनागंज चौकी क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक भीषण सडक़ हादसा घटित हुआ। पैंची के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे बनी पुलिया से जा टकराई। इस हृदयविदारक घटना में कार सवार मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। खुशी का माहौल मातम में बदला जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के ग्राम ऐजवारा निवासी संजीव जाटव (30) इंदौर में काम करता था। हाल ही में उसकी पत्नी की डिलीवरी हुई थी, जिसके चलते वह 22 अप्रैल को अपने भांजे मनोज जाटव (21) निवासी बानौरा (ईसागढ़) के साथ अर्टिगा कार क्रमांक एमपी 09-1240 से घर आया था। खुशियां मनाने के बाद दोनों गुरुवार देर रात करीब 11.50 बजे वापस इंदौर अपने काम पर जाने के लिए निकले थे। पुलिया से टकराई कार, उड़े परखच्चे बताया जा रहा है कि रात करीब 3 बजे के आसपास जब कार बीनागंज के पैंची गांव के पास पहुंची, तभी चालक मनोज ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा का अगला हिस्सा पूरी तरह चपटा हो गया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मृतक संजीव के पिता पप्पू जाटव को हादसे की सूचना दी। पप्पू जाटव ने चाचौड़ा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका भानेज मनोज गाड़ी को बहुत तेज और लापरवाही से चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों शवों का चांचौड़ा पीएम रूम में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना से ऐजवारा और बानौरा दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। -सीताराम नाटानी