- पीरजी कंपाउंड में अवैध निर्माण ध्वस्त जबलपुर, (ईएमएस)। शुक्रवार को कैंट बोर्ड और रक्षा संपदा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीरजी कंपाउंड स्थित ओपन डिफेंस लैंड पर हो रहे अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से पूरे बगीचा क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई और आसपास के लोगों में खलबली मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वे क्रमांक 165, पीरजी कंपाउंड में गयासुद्दीन कुरैशी द्वारा खुली रक्षा भूमि पर करीब एक हजार वर्गफीट क्षेत्र में अवैध रूप से मकान का निर्माण किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि अतिक्रमणकारी ने पक्का मकान बनाने की मंशा से नींव भरवा ली थी और दीवार खड़ी करने की तैयारी भी शुरू कर दी थी। इस अवैध निर्माण को लेकर कैंट बोर्ड और रक्षा संपदा विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को दोनों विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बिना देरी किए कार्रवाई शुरू कर दी। टीम ने बुलडोजर की मदद से निर्माणाधीन ढांचे को पूरी तरह से तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले। इस दौरान कैंट बोर्ड की ओर से इंजीनियर अनुराग आचार्य, अतिक्रमण दल प्रभारी नितेश पटेरिया मौजूद रहे, जबकि रक्षा संपदा विभाग से एसडीओ जितेंद्र कुमार और उमेश कांबले ने कार्रवाई का नेतृत्व किया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी अवैध निर्माण पाया जाता है, तो इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। - 24 अप्रैल 2026/ 05.47