क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


- वीडियो कॉन्फ्रेंस : संभाग के जिला कलेक्टरों को निर्देश जबलपुर, (ईएमएस)। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने संभाग के सभी जिले के कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि प्रचलित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समय सीमा पर सभी कार्यों को पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए| श्री सिंह शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संभाग के सभी कलेक्टरों से शासन के विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे| कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान गेहूं उपार्जन के संबंध में समीक्षा कर विभागीय दिशा निर्देश अनुरूप खरीदी केंद्रों की समुचित निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने और भंडारण व्यवस्था को बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, भवन विकास निगम, सेतु निर्माण, मध्‍यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरना विकास निगम, जल संसाधन विभाग तथा मध्‍यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा संभाग के सभी जिलों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। संभागायुक्‍त श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्‍ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। संभागायुक्‍त श्री सिंह ने एसीएस की बैठकों के निर्माण विभागों से संबंधित कार्यवाही विवरण के पालन प्रतिवेदन पर समीक्षा करते हुए जल संसाधन विभाग के विभागीय अधिकारियों से नहरों की मरम्‍मत व संधारण के कार्यों की भी समीक्षा की। जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 एवं जल संचय जन भागीदारी 2.0 की समीक्षा के दौरान संभाग के जिलों की स्टेट रैंकिंग पर चर्चा करते हुए सभी सहभागी विभागों के निर्धारित लक्ष्य अनुरूप कार्य, गतिविधियों को सतत मॉनिटरिंग करते हुए समय सीमा में पूर्ण कराने हेतु कलेक्टर्स को निर्देशित किया। वीडियो कांफ्रेंस में राजस्‍व एवं सामान्‍य प्रशासन से जुड़े मामलों, जिसमें राजस्‍व न्‍यायालयों के लंबित प्रकरण, राजस्‍व वसूली, सीएम हेल्‍पलाईन, सीपीग्राम, सीएम तथा सीएस मॉनिट, लोक सेवा गारंटी, जीएडी, लोकायुक्‍त कार्यालय से प्राप्त शिकायतों, लंबित विभागीय जांचों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई| उन्होंने कहा कि पूर्व में निर्मित अमृत सरोवरों को राजस्‍व अभिलेख में दर्ज कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के दौरान जिले के कलेक्‍टर्स एवं मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी वर्चुअली रूप से सम्मलित रहे। - 24 अप्रैल 2026/ 05.54