क्षेत्रीय
24-Apr-2026
...


- सीएनजी सिलेंडर फटने से उड़ी गाड़ी की छत, स्कूल-केंद्रों से भागे लोग राजगढ(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलाज गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब आंगनबाड़ी केंद्र के पास खड़ी एक मारुति वैन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक चार तेज धमाके हुए, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज करीब आधा किलोमीटर तक सुनाई दी, जबकि धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा। घटना करीब सुबह 10:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कार की छत तक उड़ गई और आसपास के लोग घबराकर अपने घरों और गांव से दूर भागने लगे। कई लोग करीब एक किलोमीटर तक दौड़ गए। गांव के लोगों को पहले लगा कि कोई विस्फोटक पदार्थ फट गया है। सुनील दांगी ने बताया कि धमाके इतने तेज थे कि हम लोग डरकर खेतों और दूर सुरक्षित जगहों की ओर भाग गए। साथ ही गांव के लखन दांगी ने बताया कि वे उस समय कुएं पर थे और धमाके की आवाज सुनकर तुरंत गांव की ओर दौड़े, जहां अफरा-तफरी का माहौल था। - आंगनबाड़ी, स्कूल के पास हादसा जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके पास आंगनबाड़ी केंद्र, शासकीय प्राथमिक विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र स्थित हैं। धमाकों के कारण पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया और स्कूल में पढ़ाई कर रहे बच्चों को तुरंत बाहर निकाला गया।शासकीय प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका आशा शर्मा ने बताया कि बच्चे मिड-डे मील के बाद पढ़ाई शुरू ही कर रहे थे, तभी अचानक धुआं फैलने लगा। स्थिति बिगड़ते देख हमने बच्चों को तुरंत बाहर निकाला और खुद भी सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि लगातार चार धमाके हुए, जिनमें पत्थर तक दूर तक जा गिरे l आग लगने के बाद मारुति वैन में पीछे लगा सीएनजी सिलेंडर भी फट गया, जिससे धमाकों की तीव्रता और बढ़ गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद खिलचीपुर से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर पानी डालकर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। कार मालिक सुरेश कुमार वर्मा ने बताया कि वह खोखेड़ा गांव का रहने वाला है और अपनी मारुति कार (MP04 BA 1814) से खिलचीपुर किराने का सामान लेने जा रहा था। उन्होंने बताया कि दौलाज गांव से गुजरते समय उन्हें पानी की प्यास लगी, इसलिए उन्होंने आंगनबाड़ी के पास गाड़ी खड़ी कर दी और पानी पीने चले गए। उन्होंने कहा कि जब वापस लौटे तो कार में आग लगी हुई थी। आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। इसी दौरान उन्होंने गाड़ी में सीएनजी सिलेंडर लगा होने की बात कही, जो बाद में फट गया। गनीमत यह रही कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां आंगनबाड़ी में बच्चे मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद डायल 112 मौके पर पहुच गई थी । फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। -निखिल/राजगढ़/24/4/2026